बलिदानी के पार्थिव शरीर के आते ही बिलख उठा पूरा गांव

बलिदानी के पार्थिव शरीर के आते ही बिलख उठा पूरा गांव

खूंटी, 13 अप्रैल (हि.स.)। नक्सलियों की आईईडी विस्फाेट में बलिदानी सुनील धान के पार्थिव शरीर काे रविवार को जैसे ही उनके पैतृक गांव कर्रा प्रखंड के कांटी पोहरा टोली पहुंचा, पूरा गांव बिलख उठा । इस दाैरान पूरा गांव बलिदानी सुनील धान अमर रहे, जब तक सूरज चंद रहेगा, सुनील तेरा नाम रहेगा के नारों से गूंज उठा। बलिदानी का पार्थिव शरीर उनके पैतृक आवास पहुंचने पर विधायक सुदीप गुड़िया के अलावा जिला प्रशासन की ओर से पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, उप विकास आयुक्त श्याम नारायण राम, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी सहित अन्य वरीय अधिकारियों ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर अधिकारियों ने बलिदानी के परिजनों से भेंट कर दुःख की इस घड़ी में गहरी संवेदना व्यक्त की तथा प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता और सहयोग का भरोसा दिया। एसपी ने कहा कि जिला प्रशासन बलिदानी की वीरता औ को शत-शत नमन करता है। राष्ट्र की सेवा में उनका अदम्य साहस सदा स्मरणीय रहेगा।

विधायक सुदीप गुड़िया ने दी श्रद्धांजलि

विधायक सुदीप गुड़िया रविवार को बलिदानी सुनील धान के स्वजनों से मिलकर उन्हें ढाढ़़स बंधाया। उन्होंने परिवार वालों को हर संभव मदद का भराेसा दिया। विधायक ने सुनील धान की पत्नी गंदौरी धान तथा मां फगुनिया उराइन से मिले तथा सांत्वना दी और कहा कि सुनील धान का बलिदान बेकार नहीं जायेगा। उसने माटी की रक्षा के लिए अपनी जान की कुर्बानी दी है। इसके पूर्व विधायक सुदीप गुड़िया ने सुनील धान की क़ब्र पर मिट्टी दी और मोमबत्ती एवं अगरबत्ती जलाये तथा फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर झामुमो तोरपा प्रखंड अध्यक्ष रूबेन तोपनो, प्रदीप केशरी, अरमान तोपनो सहित अन्य उपस्थित थे। आरक्षी सुनील धान ने एक नवंबर 2015 को जैप 3 गोविंदपुर धनबाद में योगदान दिया था। वह अपने घर का एकलौता चिराग था। 24 मार्च को सरहुल मनाने अपने गांव कांटी पोहरा टोली आया था।

—————