ग्वालियर में भव्यता के साथ मनेगा गणतंत्र दिवस, संयुक्त परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की फुल ड्रेस रिहर्सल हुई
ग्वालियर में भव्यता के साथ मनेगा गणतंत्र दिवस, संयुक्त परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की फुल ड्रेस रिहर्सल हुई
ग्वालियर, 24 जनवरी (हि.स.)। गौरवशाली 76वां गणतंत्र दिवस ग्वालियर जिले में भी 26 जनवरी को हर्षोल्लास, धूमधाम एवं गरिमा के साथ मनाया जायेगा। समारोह की तैयारियाँ अंतिम चरण में है। जिले का मुख्य समारोह 26 जनवरी को प्रात: 9 बजे जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में एएसएफ मैदान पर आयोजित होगा। मंत्री सिलावट इस अवसर पर ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी लेंगे। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, आकर्षक झाँकियाँ व प्रदर्शनी समारोह का मुख्य आकर्षण होंगीं।
संयुक्त परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की फायनल व फुल ड्रेस रिहर्सल शुक्रवार को एसएएफ मैदान पर की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अंजू अरुण कुमार व कुमार सत्यम एवं सयुक्त कलेक्टर संजीव जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
गणतंत्र दिवस की सांध्य बेला में होगा रंगारंग “भारत पर्व” का आयोजन
गणतंत्र के महापर्व 26 जनवरी की सांध्य बेला में संगीतधानी ग्वालियर में लोकतंत्र का लोकोत्सव “भारत पर्व” के तहत देशभक्ति के तराने गूँजेंगे। वहीं भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत बुंदेलखण्ड व बघेलखण्ड का प्रसिद्ध बरेदी व बधाई लोकनृत्य की प्रस्तुति भी जाने-माने कलाकार देंगे। रंगारंग भारत पर्व का आयोजन 26 जनवरी को सायंकाल 6:00 बजे श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला स्थित फैसिलिटेशन सेंटर प्रांगण में शुरू होगा।
इस आयोजन में शिवशक्ति कला संस्था करेली नरसिंहपुर से आ रहे 15 लोक कलाकार रिंशु पाटकर के निर्देशन में बरेदी व बधाई लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगे। साथ ही भोपाल के संदीप शर्मा के निर्देशन में पाँच सदस्यीय दल देशभक्ति के तराने प्रस्तुत करेगा। भारत पर्व के इस आयोजन में पुलिस बैण्ड की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र होगी। कार्यक्रम में रमन शिक्षा समिति से जुड़े कलाकारों द्वारा भी देशभक्ति पूर्ण गीत प्रस्तुत किये जायेंगे।









