सागर: छतरपुर से इंदाैर जा रही यात्री बस पलटी, 12 यात्री घायल 

सागर: छतरपुर से इंदाैर जा रही यात्री बस पलटी, 12 यात्री घायल 

सागर, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित हाेकर पलट गई। हादसे में बस सवार करीब 12 यात्री घायल हुए है। 4 यात्रियों को गंभीर चोट आई है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

जानकारी अनुसार घटना छानबीला थाना क्षेत्र के ग्राम सासन के पास रविवार देर रात की है। खुशबू ट्रैवल्स की स्लीपर बस क्रमांक एमपी 14 जेडसी 5106 रविवार रात छतरपुर से सवारियां लेकर सागर होते हुए इंदौर जा रही थी। तभी अचानक सड़क पर बस के सामने गाय आ गई। गाय को बचाने के लिए ड्राइवर ने ब्रेक लगाए तो बस अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय लगभग सभी यात्री सोए हुए थे। अचानक हुए हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर छानबीला थाना पुलिस पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां गंभीर घायल 4 यात्रियों का प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं सामान्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को जेसीबी की मदद से सड़क किनारे से हटवाया है।

—————