फतेहाबाद :ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल की टक्कर में युवक की मौत
फतेहाबाद :ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल की टक्कर में युवक की मौत
फतेहाबाद, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के जाखल क्षेत्र में एक ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल में टक्कर दे मारी। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने रविवार को आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में टोहाना के गांव लल्लुवाल निवासी संजय राम ने कहा है कि गत दिवस वह और उसका भाई लीला दोनों अपने-अपने मोटरसाइकिलों पर सवार होकर गांव लल्लुवाल से जाखल रेलवे स्टेशन से अपने रिश्तेदारों को लेने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह गांव ढेर से लखुवाली ढाणी के बीच पहुंचे तो एक ट्रैक्टर का चालक ट्रैक्टर को लापरवाही व तेजगति से चलाते हुए मेन रोड पर आया और उसके भाई लीला के मोटरसाइकिल में टक्कर दे मारी।
इस ट्रैक्टर को गांव ढेर निवासी कुलविन्द्र सिंह चला रहा था। हादसे में लीलाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जाखल के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









