फतेहाबाद : आंगनबाड़ी वर्कर यूनियन ने कार्यक्रम अधिकारी को सौंपा मांग पत्र
फतेहाबाद : आंगनबाड़ी वर्कर यूनियन ने कार्यक्रम अधिकारी को सौंपा मांग पत्र
फतेहाबाद, 22 अक्टूबर (हि.स.)। आंगनबाड़ी वर्कर हेल्पर यूनियन फतेहाबाद का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जिला प्रधान सुनीता देवी के नेतृत्व में कार्यक्रम अधिकारी से मिला और उन्हें मांग पत्र सौंपा। यूनियन की जिला प्रधान सुनीता देवी ने बताया कि फतेहाबाद व रतिया ब्लाक में आंगनबाड़ी वर्करों का मानदेय पिछले 3 महीने से लंबित पड़ा है। त्याेहारी सीजन को देखते हुए इसका तुरंत भुगतान करवाया जाए।
इसके अलावा आंगनबाड़ी वर्कर व हैल्पर को हर महीने 7 तारीख तक मानदेय देना सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों पर राशन की सप्लाई सुचारू रूप से होनी चाहिए और राशन का सामान भी अच्छी क्वालिटी का हो। वर्करों एवं हैल्परों को समय पर ड्रैस के पैसे का भुगतान किया जाए। फोन रिचार्ज का पैसा भी काफी समय से नहीं मिला है, इसका तुरंत भुगतान हो।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सैंटर में विभागीय रजिस्टर 2018 से नहीं मिले हैं जिस कारण वर्करों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सभी सैंटरों पर जल्द रजिस्टर उपलब्ध करवाए जाएं। 2018 से बकाया पड़ा फैलिक्स फंड का पैसा तुरंत दिया जाए। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद ब्लाक की आंगनबाड़ी वर्करों एवं हैल्परों का हड़ताल के दौरान 4 महीने का मानदेय बकाया पड़ा है, इसका तुरंत भुगतान किया जाए। इस अवसर पर पिंकी रानी, किरणपाल कौर, शिम्पी रानी, पम्मी रानी, कर्मजीत कौर, प्रियंका, मंजू बाला, सोमा रानी आदि मौजूद रहीं।









