प्राथमिकता से किया जाएगा शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण : गुलाब देवी
प्राथमिकता से किया जाएगा शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण : गुलाब देवी
अयोध्या, 7 अक्टूबर (हि.स.)। मिल्कीपुर विधान सभा के दरबारी लाल जनसहयोगी इंटर कालेज कलुवामऊ में भारतीय जनता पार्टी द्वारा शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया गया। शिक्षक सम्मेलन की मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी व विशिष्ट अतिथि शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्र शर्मा व विधान परिषद सदस्य इं अवनीश सिंह पटेल रहे। सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि पीएम के नेतृत्व में विश्व पटल पर देश गौरवान्वित हुआ है। केन्द्र व प्रदेश सरकार की विकास योजना से बिना भेदभाव सभी पात्रों को लाभान्वित किया गया है। प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार तथा अपराध पर जीरो टारलेंस नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि तदर्थ शिक्षकों, शिक्षामित्र, अनुदेशकों के हितों के लिए सरकार पूरी तरह से संवेदनशील है। शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से किया जाएगा। हर प्रकार से उनके हितों की रक्षा की जाएगी। श्री चन्द्र शर्मा ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया है। देश में नई आईआईटी, आईआईएम स्थापित करने से लेकर प्राथमिक स्तर की शिक्षा व्यवस्था में बड़े सुधार किए है।
विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह पटेल ने कहा सरकार अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए सरकारों की योजनाओं तथा उनके सफल क्रियान्वयन से जनता में उत्साह का माहौल है।
—————









