फतेहाबाद: टोहाना पुलिस ने अफीम सहित एक युवक को किया गिरफ्तार

फतेहाबाद: टोहाना पुलिस ने अफीम सहित एक युवक को किया गिरफ्तार

फतेहाबाद, 3 अक्टूबर (हि.स.)। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर नशा तस्करों की धरपकड़ को लेकर एसपी आस्था मोदी द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए सीआईए टोहाना पुलिस ने एक युवक को अफीम सहित गिरफ्तार किया है।

सीआईए टोहाना प्रभारी ने गुरुवार को बताया कि सीआईए की टीम एसआई जग्गा सिंह के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ को लेकर गश्त पर थी।

टीम जब दमकौरा रोड से भाटिया नगर की तरफ जा रही थी, तो संत शिरोमणी बाबा नामदेव मंदिर के पास रामभवन की तरफ से एक युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया।

उक्त युवक सामने पुलिस टीम को देखकर घबरा गया और मोटरसाइकिल को वापस मोड़ने की कोशिश करने लगा। शक के आधार पर पुलिस कर्मचारियों ने युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम सतगुर सिंह उर्फ रवि पुत्र गुरमेल सिंह निवासी मनियाना हाल इंदिरा कालोनी टोहाना बताया।

पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 100 ग्राम अफीम बरामद हुई। इस पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर थाना शहर टोहाना में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।