फतेहाबाद : तीनों विधानसभा के उम्मीदवारों के चुनावी खर्चे की हुई जांच

फतेहाबाद : तीनों विधानसभा के उम्मीदवारों के चुनावी खर्चे की हुई जांच

फतेहाबाद, 3 अक्टूबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव में चुनावी व्यय की निगरानी एवं निरीक्षण के लिए चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त खर्च पर्यवेक्षक आईआरएस सुधाकर शुक्ला ने गुरुवार को जिला परिषद में जिला के तीनों विधानसभा क्षेत्रों क्रमश: टोहाना, फतेहाबाद और रतिया से चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशियों के व्यय लेखा संबंधी रजिस्टर की जांच की और शैडो रजिस्टर से मिलान किया।

इस मौके पर उम्मीदवारों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उनके चुनावी व्यय दस्तावेजों, दैनिक व्यय रजिस्टर, कैश और बैंक रजिस्टर का निरीक्षण किया गया। खर्च पर्यवेक्षक आईआरएस सुधाकर शुक्ला ने बताया कि विधानसभा चुनावों में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 40 लाख रुपये से अधिक की राशि व्यय करने पर प्रत्याशी के विजयी होने पर भी उसकी सदस्यता जा सकती है।

इसलिए सभी प्रत्याशी निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सीमा के अंदर ही प्रचार पर धनराशि व्यय करें। उनके चुनावी व्यय की निगरानी के लिए वीडियो सर्विलेंस टीमें लगातार नजर रख रही हैं। शैडो ऑब्जर्वेशन रजिस्टर पर उनके सारे खर्च की गणना की जा रही है। उन्होंने बताया कि व्यय रजिस्टर का मिलान शैडो ऑब्जर्वेशन रजिस्टर से नहीं होता है तो प्रत्याशी को नोटिस जारी किया जाएगा।