टोहाना से लाखों का चावल लेकर गुजरात के लिए चला ट्रक रास्ते में गायब

टोहाना से लाखों का चावल लेकर गुजरात के लिए चला ट्रक रास्ते में गायब

फतेहाबाद, 1 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के शहर टोहाना से लाखों रुपये का चावल लेकर गुजरात के लिए रवाना हुआ ट्रक रास्ते में ही गायब हो गया। इस मामले में टोहाना पुलिस ने मंगलवार को ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

शहर टोहाना पुलिस को दी शिकायत में कैथल निवासी जितेन्द्र कुमार ने कहा है कि उसकी हरियाणा रोडलाइंस नाम से ट्रांसपोर्ट है और वह कमीशन एजेंट का काम करता है। कमीशन लेकर गाड़ी लोड करवाता है। 6 सितम्बर को उसने एक ट्रक में पंजाब राइस लैंड एग्रो फूड्स लि. का 820 बैग चावल लोड किया। इस चावल की कीमत करीब 27 लाख रुपये है। इस ट्रक के चालक का नाम बुधाराम पुत्र अम्बा राम निवासी 12 मील की ढाणी, केरू, जिला जोधपुर है।

उसने औलख इंटरप्राइजिज टोहाना से इस गाड़ी को गांधीधाम गुजरात के लिए लोड करवाकर भेजा था, लेकिन आज तक गाड़ी चालक लोड किए गए चावलों को लेकर गांधी धाम नहीं पहुंचा है। उसने आरोप लगाया कि ट्रक चालक ने उसके साथ धोखाधड़ी करते हुए माल चोरी कर इसका गबन कर दिया है। इस पर उसने इस बारे में पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।