चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए बनेगा टास्क फोर्स

चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए बनेगा टास्क फोर्स

स्वास्थ्य मंत्री मंत्री बन्ना के साथ आईएमए की बैठक में हुआ फैसला

रांची, 25 सितंबर (हि.स.)। झारखंड इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के प्रतिनिधिमंडल के साथ स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह, एनएचएम के एमडी अबू इमरान और रिम्स के निदेशक की उपस्थिति में महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को हुई। इसमें चिकित्सकों के सुरक्षा समेत विभिन्न विषयों पर सकरात्मक बातचीत हुई।

इस दौरान कई मुद्दों पर सहमति बनी। इनमें क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट में उत्तर प्रदेश के तर्ज पर 50 बेड तक के अस्पतालों को मुक्त करने पर सहमति बनी। यह आदेश यथाशीघ्र निकालने का निर्णय स्वास्थ्य मंत्री एवं प्रधान सचिव के द्वारा लिया गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार नेशनल टास्क फोर्स के गठन में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन एवं जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधि को सम्मिलित करने पर सहमति बनी। श्रावणी मेला में प्रतिनियुक्त चिकित्सकों के टीए-डीए का अलग से आवंटन देने पर विचार करने की घोषणा स्वास्थ्य मंत्री द्वारा की गई। सहमति हुई कि राज्य, जिला, अनुमंडल स्तरीय जो भी समिति बनाई जाएगी, उसमें पूर्व की तरह आइएमए के एक प्रतिनिधि भी सदस्य के तौर पर होंगे। महिला चिकित्सकों की सुरक्षा से संबंधित आवश्यक निर्णय लेने पर सहमति बनी।

बैठक में टीम आइएमए झारखंड एवं झासा झारखंड के अलावा विभिन्न चिकित्सक संगठनों के लोग भी उपस्थित थे।

—————