हिसार: भाजपा ने सरकारी नौकरियों में पर्ची व खर्ची का प्रचलन किया बंद : डॉ. कमल गुप्ता
हिसार: भाजपा ने सरकारी नौकरियों में पर्ची व खर्ची का प्रचलन किया बंद : डॉ. कमल गुप्ता
भाजपा प्रत्याशी डॉ. कमल गुप्ता ने चलाया जनसंपर्क अभियान
हिसार, 11 सितंबर (हि.स.)। हिसार से भाजपा उम्मीदवार डॉ. कमल गुप्ता ने दावा किया है कि भाजपा हरियाणा में जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है। इसमें किसी प्रकार का कोई संदेह नहीं है। हिसार हलका में जिस प्रकार का जनसमर्थन पार्टी को मिल रहा है, वह पार्टी के ऊर्जावान व कर्मठ कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, दृढ़ निर्णय शक्ति व सही नीयत का ही परिणाम है।
डॉ. कमल गुप्ता बुधवार को सेक्टर 15 में लेखराज महता एडवोकेट, बैंक कालोनी में रमेश जांगड़ा, सुभाष नगर में सतबीर के आवास सहित शहर के अनेक क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चला रहे थे। डा. कमल गुप्ता ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश सरकार ने सभी जनहित के काम करके दिखाए जो हरियाणा प्रदेश में पिछली सरकारें नहीं कर पाई थी। प्रदेश की भाजपा सरकार ने परिवारवाद, भ्रष्टाचार, भय व नौकरियों में भेदभाव को समाप्त कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि अब नौकरियों में खर्ची व पर्ची का प्रचलन पूरी तरह से बंद हो गया है। प्रदेश में विकास जो लक्ष्य तय किया गया था उससे कहीं अधिक विकास कार्य हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के हितों को मद्देनजर रखते हुए जनकल्याणकारी योजनाएं बनाकर उनको क्रियांवित करने का काम किया गया है।
मीडिया प्रभारी सुरेश गोयल धूपवाला ने बताया कि इस अवसर पर सतीश सुरलिया, लेखराज महता एडवोकेट, रमेश जांगड़ा व सतबीर सहित भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व गणमान्य उपस्थित रहे।









