surajpur-police-vijayadashami

विजयादशमी पर सूरजपुर पुलिस ने किया अस्त्र-शस्त्र और शासकीय वाहनों का पूजन

सूरजपुर, 20 अक्टूबर । विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को सूरजपुर पुलिस ने रक्षित केंद्र में परंपरागत रूप से अस्त्र-शस्त्र और शासकीय वाहनों की पूजा-अर्चना की। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल सहित विभागीय अधिकारियों और जवानों ने विधि-विधान से पूजन कर कर्तव्य, साहस और जनसेवा के प्रति समर्पण का संकल्प दोहराया। पूजा संपन्न होने के बाद हर्ष फायर भी किए गए।

विजयादशमी को असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक माना जाता है। इसी अवसर पर पुलिस विभाग में शस्त्र पूजन की परंपरा का निर्वहन किया जाता है। रक्षित केंद्र सूरजपुर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने अधिकारियों और जवानों के साथ अस्त्र-शस्त्रों तथा शासकीय वाहनों की पूजा की। परंपरा के अनुसार देवी अपराजिता और मां रणचंडी की आराधना भी की गई।

पूजन के बाद एसपी पटेल ने जिले के सभी पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

विजयादशमी के अवसर पर जिले के सभी थाना और चौकी परिसरों में भी अस्त्र-शस्त्रों एवं शासकीय वाहनों की परंपरागत तरीके से पूजा की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का, रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, थाना-चौकी प्रभारी, शस्त्रागार प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।