kaithal-heroin-seizure-arrest

कैथल में इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार युवक हेरोइन के साथ गिरफ्तार

कैथल, 20 अक्टूबर । कैथल में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम ने गांव क्योड़क निवासी एक युवक को 26.8 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी नीले रंग की इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर गांव से कैथल की तरफ आ रहा था। पुलिस को देखकर उसने स्कूटी रोकी और सड़क से नीचे उतरकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। आरोपी से पूछताछ के लिए अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।पुलिस के अनुसार, एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार के नेतृत्व में एएसआई मंजीत सिंह की टीम हांसी-बुटाना नहर पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि क्योड़क निवासी अमित उर्फ मीतु कथित तौर पर हेरोइन बेचने का काम करता है और स्कूटी पर सवार होकर कैथल की तरफ आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने हांसी-बुटाना नहर पुल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ समय बाद गांव क्योड़क की तरफ से नीले रंग की इलेक्ट्रिक स्कूटी पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस के मुताबिक टीम को देखकर युवक ने अचानक स्कूटी रोक दी और भागने की कोशिश की। पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे स्कूटी समेत पकड़ लिया।पूछताछ में युवक की पहचान गांव क्याेड़क निवासी अमित के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक पॉलिथीन में 26.8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। मामले में थाना सदर में केस दर्ज किया गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे एसआई जसबीर ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। अब पुलिस उससे नशे की आपूर्ति और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में पूछताछ कर रही है।