dl-lc-amir-shokeen-police-custody

नस्लीय टिप्पणी मामले में कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को 5 दिनों की पुलिस हिरासत

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर । दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट ने नस्लीय टिप्पणी से जुड़े एक मामले में कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। एडिशनल सेशंस जज शिल्पी जैन ने पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

आमिर शौकीन की न्यायिक हिरासत शनिवार को खत्म हो रही थी जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। दिल्ली पुलिस ने शौकीन की हिरासत की मांग करते हुए कहा कि उसे अहमदाबाद लेकर जाना है ताकि इस मामले से जुड़े दूसरे आरोपितों की गिरफ्तारी की जा सके। कोर्ट ने 23 अक्टूबर को उसे एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था।

दिल्ली पुलिस ने आमिर शौकीन को 22 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में सदर बाजार पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

त्रिपुरा की पुलिस ने भी इस मामले में अलग से एफआईआर दर्ज की है। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो से जुड़ा है, जिसमें कथित तौर पर कंटेंट क्रिएटर द्वारा त्रिपुरा के एक व्यक्ति के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियां की जा रही हैं और उसके साथ अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा है।

त्रिपुरा पुलिस ने 22 अक्टूबर को पश्चिम त्रिपुरा जिले के न्यू कैपिटल कॉम्प्लेक्स पुलिस स्टेशन में शौकीन के खिलाफ मामला दर्ज किया। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी कानून और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं को शामिल किया गया है। पुलिस के मुताबिक आमिर शौकीन ने एक महीने पहले अहमदाबाद में ये विवादित वीडियो बनाया था।