विद्या विहार पब्लिक स्कूल में अंग्रेजी वर्तनी प्रतियोगिता आयोजित, वेस्ट और साउथ हाउस बने विजेता
खूंटी, 24 अक्टूबर । खूंटी जिले के तोरपा स्थित विद्या विहार पब्लिक स्कूल में शनिवार को अंतर-सदनीय अंग्रेजी वर्तनी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के चारों हाउस ईस्ट, वेस्ट, नॉर्थ और साउथ के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अंग्रेजी शब्दावली और शुद्ध वर्तनी से संबंधित अपने ज्ञान एवं कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों में विद्यार्थियों के बीच रोचक मुकाबला हुआ। सीनियर वर्ग (कक्षा छह से दस) में वेस्ट हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस वर्ग में कक्षा नौ के लाल अर्पित नाथ सहदेव और कक्षा दस की इन्सा सफा विजेता रहे।
वहीं, जूनियर वर्ग (कक्षा एक से पांच) में साउथ हाउस ने बाजी मारी। इस वर्ग में कक्षा चार की अक्सा फातिमा और कक्षा पांच के अनुज कुमार साहू विजेता घोषित किए गए।
प्रतियोगिता का संचालन फिरदौस अंसारी और जोसफिना बोदरा ने किया। शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की अंग्रेजी शब्दावली को समृद्ध करना, शुद्ध वर्तनी लिखने की क्षमता विकसित करना और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या कविता जायसवाल ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी विद्यार्थी और शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।










