---------------------

राज्यमंत्री ने रामेश्वर तिवारी के परिजनों काे दिलाया भराेसा आरोपिताें पर हाेगी कार्रवाई

देवरिया, 03 अक्टूबर । लार थाना क्षेत्र के रक्सा टोला भीखम छपरा गांव में आरएसएस कार्यकर्ता रामेश्वर तिवारी की हत्या की जानकारी मिलने के बाद शनिवार को राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम उनके घर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में नियमानुसार कार्रवाई होगी।

रक्सा टोला भीखम छपरा गांव निवासी 50 वर्षीय रामेश्वर तिवारी की गुरुवार को हत्या कर दी गई थी। परिजनों के अनुसार गांव के कुछ लोग उनके घर के पास बने स्पीड ब्रेकर को तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। रामेश्वर तिवारी ने इसका विरोध किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर विपक्षियों ने लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई थी।

राज्यमंत्री ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और शासन स्तर से हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया। परिजनों ने परिवार की सुरक्षा और आरोपिताेंं की जल्द गिरफ्तारी की मांग रखी। मंत्री ने मृतक के बेटे विकास उर्फ गोपालु को सरकारी अंगरक्षक उपलब्ध कराने और शस्त्र लाइसेंस दिलाने की प्रक्रिया में मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों से मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।