आंगनबाड़ी केंद्रों में सजी ‘सुपोषण चाैपाल’, गोद भराई से दिया सेहत का संदेश
जगदलपुर, 18 सितंबर । राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आकांक्षी विकासखंड तोकापाल के आंगनबाड़ी केंद्रों में आज शुक्रवार काे महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में सभी सेक्टरों के केंद्रों में ‘सुपोषण चैपाल’ का भव्य आयोजन किया गया, जहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई और पोषण से जुड़ी विविध गतिविधियों का संचालन हुआ।
प्रदर्शनी के माध्यम से उपस्थित महिलाओं और परिजनों को यह समझाया गया कि कैसे बिना किसी अतिरिक्त खर्च के, घर में मौजूद पारंपरिक खाद्य पदार्थों से ही बच्चों और बड़ों के लिए संतुलित एवं पोषक तत्वों से भरपूर आहार तैयार किया जा सकता है।
सुपोषण चौपाल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की महत्ता को रेखांकित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि एक सशक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण मां और बच्चे के सही पोषण पर ही निर्भर करता है। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को गर्भावस्था एवं स्तनपान के दौरान भोजन में पोषक तत्वों की विविधता, बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए आवश्यक खान-पान तथा कुपोषण से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही समय पर नियमित स्वास्थ्य जांच, आवश्यक टीकाकरण और प्रसव पूर्व रखी जाने वाली सावधानियों के प्रति भी सचेत किया गया।
गोद भराई की रस्म के दौरान गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक खाद्य सामग्री भेंट कर उनके और उनके होने वाले शिशु के उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की गई। अंत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने गृह भेंट और चौपाल के जरिए पोषण और स्वास्थ्य के इन जरूरी संदेशों को विकासखंड के हर घर और परिवार तक निरंतर पहुंचाने का संकल्प दोहराया।









