jh-a-young-man-slipped-and-fell-into-a-well

कुएं में डूबने से युवक की मौत

कोडरमा, 18 सितंबर । कोडरमा जिले के जयनगर प्रखंड के पेठियाबागी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक छोटन साव के पुत्र दीपक साव उर्फ कल्लू साव (35) की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार की रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों एवं ग्रामीणों के अनुसार, दीपक साव दुकान बंद करने के बाद घर पहुंचे थे। इसके बाद वह घर के कुएं के पास हाथ-पैर धोने गए थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने से वह कुएं में गिर गए और डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें कुएं से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना के एसआई रौशन पासवान पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।