फुलीडूमर में विद्यार्थियों ने चित्रों में सजाया सपनों का भारत
बलरामपुर, 19 सितंबर । सेवा संकल्प अभियान के तहत आज शनिवार को विकासखंड वाड्रफनगर के संकुल केंद्र फुलीडूमर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपने विचारों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छ, शिक्षित, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत की कल्पना को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। बच्चों ने अपनी रचनात्मक सोच के जरिए देश के भविष्य को लेकर अपनी कल्पनाओं को चित्रों में जगह दी।
शिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता, राष्ट्रीय चेतना और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों को अपनी कल्पना और विचारों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की। विद्यालय परिवार ने प्रतियोगिता में शामिल सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









