सिरमौर के नाहन और शिलाई में मारपीट के मामले दर्ज
नाहन, 19 सितंबर । सिरमौर जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में मारपीट और हमले के मामले सामने आए हैं। नाहन में गैस सिलेंडर को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक के साथ मारपीट की गई। वहीं, शिलाई में कपड़े लेने खेत में गए व्यक्ति पर दराट से हमला करने का मामला सामने आया है। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाहन में गोयल निवासी संगड़ाह ने 18 सितंबर को पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत के अनुसार वह अपने दोस्तों कैलाश, रविकांत और राहुल के साथ कार में नाहन मेले में आया था। वे अपने साथ खाली एलपीजी सिलेंडर भी लेकर आए थे। शाम करीब 6:30 बजे वे वाल्मीकि बस्ती के पास स्थित गैस गोदाम पहुंचे। वहां रविकांत सिलेंडर के संबंध में बात करने गया। शिकायत के अनुसार वहां मौजूद बागेश नामक व्यक्ति ने कहा कि संगड़ाह के सिलेंडर यहां नहीं मिलते और इसके लिए अतिरिक्त पैसे देने होंगे। अतिरिक्त पैसे को लेकर विवाद होने पर बागेश ने रविकांत को धक्का दे दिया। इसके बाद बागेश के पांच-छह साथी भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद राहुल तोमर को सड़क पर घेरकर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आईं। पुलिस थाना नाहन में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
दूसरी घटना शिलाई की है। गांव सुनियाड़ी, डाकघर पनोग, तहसील शिलाई निवासी अनिल कुमार ने पुलिस थाना शिलाई में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार 18 सितंबर की सुबह वह सोकर उठा और बरामदे में आया। रेलिंग पर सूखने के लिए रखे उसके कपड़े उड़कर नीचे खेत में गिर गए थे। वह कपड़े लेने खेत में गया तो गांव के ही दिलीया राम, बलिया राम और बलबीर, निवासी सुनियाड़ी (किणु), वहां पहुंच गए। शिकायतकर्ता के अनुसार तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और उस पर दराट से हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान उसके हाथ पर चोट लगी। पुलिस थाना शिलाई में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर अन्वेषण किया जा रहा है।









