uk-pandya-harvard-visit

हार्वर्ड विश्वविद्यालय में डॉ. पंड्या ने दिया मानवीय उत्कर्ष का संदेश

हरिद्वार, 02 अगस्त । अखिल विश्व गायत्री परिवार के जन्मशताब्दी वर्ष-2026 के वैश्विक अभियान के अंतर्गत देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति एवं जन्मशताब्दी दल के नायक डा. चिन्मय पण्ड्या विदेश प्रवास पर हैं। उन्होंने अमेरिका के प्रतिष्ठित हार्वर्ड विश्वविद्यालय में भारतीय वैज्ञानिक अध्यात्म और मानवीय मूल्यों पर विचार रखे।

गायत्री तीर्थ शांतिकुंज की ओर से रविवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार डा. पण्ड्या हार्वर्ड पोस्टडॉक्टोरल एसोसिएशन के विशेष आमंत्रण पर अमेरिका पहुंचे हैं। ह्यूमन फ्लोरिशिंग यानी मानवीय उत्कर्ष विषयक कार्यशाला में उन्होंने कहा कि विज्ञान और अध्यात्म परस्पर विरोधी नहीं, बल्कि मानवता के समग्र विकास के पूरक हैं। वर्तमान समय की नैतिक, मानसिक और सामाजिक चुनौतियों का समाधान वैज्ञानिक दृष्टि से समर्थ अध्यात्म तथा मानवीय मूल्यों के समन्वय में है।

उन्होंने युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के वैज्ञानिक अध्यात्म दर्शन का उल्लेख करते हुए आत्म परिष्कार, नैतिकता और संवेदनशीलता को विश्वशांति तथा सतत विकास का आधार बताया।

कार्यक्रम में हार्वर्ड पोस्टडॉक्टोरल एसोसिएशन की प्रोफेशनल डेवलपमेंट कमेटी के अध्यक्ष डा. अर्जुन शर्मा ने डा. पण्ड्या का स्वागत किया। कार्यशाला में विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं ने भारतीय ज्ञान परंपरा व चेतना विज्ञान पर प्रश्न पूछे, जिनका डा. पण्ड्या ने तथ्यों के साथ उत्तर दिया।