the-food-safety-department-sei

उज्जैन: बड़नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 372 लीटर देशी घी जब्त

उज्जैन, 01 अगस्त । मध्‍य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को औचक निरीक्षण के दौरान मिलावट की आशंका में कुल 372 लीटर देशी घी जब्त किया। विभाग ने दो अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए घी के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार नयापुरा स्थित जय भारत एजेंसी के निरीक्षण के दौरान ‘श्री कृष्णा देसी घी’ विभिन्न पैकिंग में संग्रहित मिला। दस्तावेजों के अनुसार यह घी इंदौर स्थित वरुण मार्केटिंग से 360 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदा गया था। कम कीमत पर विक्रय किए जाने के कारण गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर करीब 337 लीटर घी, जिसकी अनुमानित कीमत 1.21 लाख रुपये से अधिक है, जब्त कर लिया गया। इसके नमूने परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।

इसी क्रम में महात्मा गांधी मार्ग स्थित एक अन्य प्रतिष्ठान पर निरीक्षण के दौरान ‘डेयरी मिल्क एगमार्क देसी घी’ का 35 लीटर स्टॉक मिला। गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण करीब 16 हजार रुपये मूल्य का यह घी भी जब्त कर लिया गया। इसके नमूने भी जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।