इंस्टाग्राम की फर्जी आईडी से नाबालिग को फंसाने व दुष्कर्म के मामले में दानिश गिरफ्तार
हरिद्वार, 26 सितंबर । इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी के जरिए नाबालिग से संपर्क कर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के आरोप में पिरान कलियर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गढ़ीपुख्ता निवासी दानिश पुत्र शबी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर को नाबालिग के परिजन ने कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर दी थी। आरोप था कि दानिश ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर नाबालिग से संपर्क किया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया।
पुलिस ने तत्काल पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। पीड़िता को आवश्यक उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया। विवेचना उपनिरीक्षक विशाखा राठौर को सौंपी गई। प्रभारी निरीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी की तलाश की और हिरासत में ले लिया। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया है।









