मसीरा में बदली आंगनबाड़ी की तस्वीर, पक्के भवन में अब संवर रहा बच्चों का भविष्य
सूरजपुर, 17 अगस्त । भैयाथान विकासखंड के ग्राम पंचायत मसीरा में नया आंगनबाड़ी भवन बनने से छोटे बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल गया है। पहले आंगनबाड़ी केंद्र कच्चे मकान में संचालित होता था, जहां बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण बच्चों की पढ़ाई और अन्य गतिविधियां प्रभावित होती थीं। अब पक्के भवन के निर्माण के बाद बच्चों के लिए सुविधाजनक माहौल तैयार हो गया है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हीरामणी राजवाड़े ने बताया कि पुराने भवन की स्थिति के कारण बरसात के समय काफी परेशानी होती थी। छत से पानी आने की वजह से बच्चों को बैठाने और शैक्षणिक गतिविधियां कराने में दिक्कत होती थी। इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने ग्राम पंचायत के सरपंच बुधराम सिंह के सामने नए भवन की आवश्यकता रखी।
इसके बाद ग्राम पंचायत ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर प्रशासन को भेजा। प्रशासन की पहल से विकसित भारत जी-राम-जी योजना के अंतर्गत नए भवन का निर्माण कराया गया।
नए भवन से बच्चों को मिली सुविधाएं
भवन तैयार होने के बाद आंगनबाड़ी केंद्र का वातावरण पूरी तरह बदल गया है। अब बच्चों को बारिश और मौसम की अन्य परेशानियों से बचाते हुए सुरक्षित स्थान पर प्रारंभिक शिक्षा और गतिविधियां कराई जा रही हैं। बच्चों की उपस्थिति में भी सुधार हुआ है और वर्तमान में केंद्र में बच्चों की उपस्थिति शत-प्रतिशत बताई गई है।
आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल-खेल में सीखने की गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा पोषण आहार उपलब्ध कराने के साथ बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास से जुड़ी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।
अभिभावकों का बढ़ा भरोसा
नए भवन के निर्माण से अभिभावकों में भी भरोसा बढ़ा है। पहले भवन की स्थिति को लेकर बच्चों को केंद्र भेजने में संकोच करने वाले अभिभावक अब उन्हें नियमित रूप से आंगनबाड़ी भेज रहे हैं। सुरक्षित भवन मिलने से बच्चों के सीखने और विकास के लिए बेहतर माहौल तैयार हुआ है।
मसीरा का यह नया आंगनबाड़ी भवन केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि गांव के नौनिहालों के लिए बेहतर शिक्षा, पोषण और सुरक्षित बचपन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बनकर सामने आया है। कच्चे मकान से पक्के भवन तक का यह बदलाव बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रहा है।









