वंचित लाभुकों कि पहचान कर उन्हें पेंशन का लाभ दिलाएं : उपायुक्त
खूंटी , 17 अगस्त । उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सामाजिक सुरक्षा एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागों की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी ली। इनमें वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना सहित अन्य पेंशन योजनाएं शामिल रहीं। उन्होंने आवंटित राशि के अनुरूप लाभुकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही योजनाओं से अब तक वंचित योग्य लाभुकों की पहचान कर उन्हें लाभ से जोड़ने तथा सभी लाभुकों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन कराने पर जोर दिया।
जिला बाल संरक्षण इकाई के कार्यों की समीक्षा के दौरान चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूट-सहयोग विलेज, आशा किरण, फॉस्टर केयर और आफ्टर केयर के संचालन की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने संस्थानों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित निरीक्षण करने और निरीक्षण के बाद रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पॉन्सरशिप योजना से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की तथा पात्र बच्चों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उपायुक्त ने बाल संरक्षण से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
बैठक में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।









