न्यू दिल्ली टाइगर्स पर जीत के बाद पुरानी दिल्ली 6 के मालिक आकाश बोले, टीम इसी लय को बरकरार रखेगी
नई दिल्ली, 07 अगस्त । दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में न्यू दिल्ली टाइगर्स पर 27 रनों की शानदार जीत के बाद पुरानी दिल्ली 6 के मालिक आकाश नांगिया ने टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए भरोसा व्यक्त किया कि टीम इस जीत की लय को आगे बरकरार रखेगी।
आकाश नांगिया ने कहा कि सेंट्रल दिल्ली किंग्स के खिलाफ मिली हार के बाद टीम ने जिस तरह वापसी की, वह खिलाड़ियों के जज्बे और आत्मविश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “सेंट्रल दिल्ली किंग्स के खिलाफ मैच के बाद यह जीत हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण थी। जिस तरह टीम ने वापसी की, वह इस टीम के चरित्र और जुझारूपन को दर्शाता है।”
उन्होंने सलामी बल्लेबाज आर्यन गौर की 91 रनों की मैच जिताऊ पारी की जमकर सराहना की। नांगिया ने कहा, “आर्यन गौर ने शानदार पारी खेलकर हमारी जीत की मजबूत नींव रखी। उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता के साथ परिपक्वता भी दिखी। वहीं, गेंदबाजी इकाई ने भी अनुशासित प्रदर्शन किया। किसी लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव करने के लिए अनुशासन जरूरी होता है और हमारे गेंदबाजों ने पूरे मैच में दबाव बनाए रखते हुए अपनी योजनाओं को बेहतरीन तरीके से अमल में उतारा।”
इस मुकाबले के दौरान दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह को सम्मानित किया। हरभजन सिंह पुरानी दिल्ली 6 का समर्थन करने के लिए स्टेडियम पहुंचे थे, जिससे लीग का आकर्षण और बढ़ गया।
आकाश नांगिया ने हरभजन सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका समर्थन पूरी टीम के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि टीम की सबसे बड़ी ताकत यह रही है कि अलग-अलग मुकाबलों में अलग-अलग खिलाड़ी जिम्मेदारी निभाकर सामने आए हैं। पूरे टूर्नामेंट में लगातार सामूहिक प्रदर्शन ही सफलता की कुंजी होगा। नांगिया ने कहा कि टीम का लक्ष्य अब इस जीत की लय को बरकरार रखते हुए हर मैच के साथ बेहतर प्रदर्शन करना और निरंतरता बनाए रखना है।
गौरतलब है कि पुरानी दिल्ली 6 ने गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में न्यू दिल्ली टाइगर्स को 27 रन से हराकर डीपीएल 2026 में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।









