nepal-rsp-ravi-balen-conflict

रवि लामिछाने ने अपनी ही पार्टी की नेपाल सरकार को दी चेतावनी, कहा- लक्ष्य से भटके तो करेंगे हस्तक्षेप

काठमांडू, 09 अगस्त । राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री रवि लामिछाने देश में अपनी ही पार्टी की सरकार पर सख्त हो गए हैं। नेपाल की सत्तारूढ़ सरकार को चेतावनी दी है कि यदि सरकार अपने लक्ष्य और वादे के मुताबिक काम नहीं करती है, तो उनकी पार्टी हस्तक्षेप करेगी। लामिछाने ने यह भी प्रतिबद्धता व्यक्त की कि यह सरकार नागरिकों की अपनी सरकार है और इस जिम्मेदारी को जनता के साथ मिलकर सफल बनाया जाएगा।

सरकार की कार्यशैली और स्थायित्व पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार अपने रास्ते से भटकती है, तो राजनीतिक दल के तौर पर उसे नियंत्रित करने और दोबारा सही मार्ग पर लाने की क्षमता रास्वपा के पास सुरक्षित है। सभापति लामिछाने ने कहा कि सरकार अभी विफल नहीं हुई है और वे ऐसी स्थिति आने भी नहीं देंगे। लामिछाने ने कहा कि यदि सरकार अपनी पटरी से बाहर गई तो उसे फिर पटरी पर लाकर यात्रा को सहज बनाने की दिशा में हम आगे बढ़ेंगे।

सरकार के संचालन की प्रक्रिया की तुलना हवाई यात्रा से करते हुए लामिछाने ने कहा कि कभी-कभी तकनीकी समस्या या बाहरी कारणों से पैदा होने वाले ‘टर्बुलेंस’ (अवरोध) से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आम नागरिकों से निश्चिंत रहने का आग्रह करते हुए सरकार को सही तरीके से उसके गंतव्य तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। लामिछाने ने स्वीकार किया कि सरकार के चार महीने के कार्यकाल में जनअपेक्षा के मुताबिक बदलाव का स्पष्ट संकेत दिखाई नहीं दिया है।

उन्होंने कहा कि पार्टी नागरिकों के सुझावों और शिकायतों को करीब से सुन रही है और लोगों से वर्तमान स्थिति को लेकर चिंतित न होने का आग्रह किया। सभापति लामिछाने ने कहा कि सरकार बने अभी केवल चार महीने हुए हैं, इसलिए इसका पूर्ण मूल्यांकन करने का समय नहीं आया है। हालांकि, इस अवधि में कुछ सकारात्मक बदलाव के संकेत दिखाई देने चाहिए थे। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी में समाज में बदलाव लाने के लिए उत्साहित युवा और पेशेवर लोगों का समूह मौजूद है। किसी भी असहज परिस्थिति को संभालने में सक्षम ‘राजनीतिक अभिभावकत्व’ आरएसपी के पास होने का भी उन्होंने दावा किया।

लामिछाने ने कहा कि गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से आए विशेषज्ञों और पेशेवरों के समूह द्वारा देश में बदलाव के लिए जिस चेतना और अवसर को अपनाया गया है, वह इतिहास में दुर्लभ है। उन्होंने कहा कि मुश्किल परिस्थिति को संभालने वाला राजनीतिक नेतृत्व और जिम्मेदारी हमारी पार्टी के पास है। क्योंकि इस पार्टी में आप लोगों की तरह कुछ करने की बेचैनी रखने वाले युवा हैं। बदलाव के लिए गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि के पेशेवरों का एक बड़ा समूह एकजुट होकर आगे बढ़े—ऐसी चेतना किसी भी देश को आसानी से नहीं मिलती। हम इस समय उसी चेतना की स्थिति में हैं।