रांची में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रप्रेम और एकता का दिया संदेश
रांची, 09 अगस्त । ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भाजपा की ओर से रविवार को रांची के मोरहाबादी मैदान से शहीद अल्बर्ट एक्का चौक तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का जनआंदोलन बन चुका है। तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का प्रतीक होने के साथ लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करती है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सद्भावना का संदेश लेकर घर-घर, गांव-गांव और शहर-शहर पहुंच रहा है। उन्होंने लोगों से अपने घर और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल ध्वज नहीं, बल्कि देश का गौरव है। तिरंगा यात्रा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति, एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना से ओत-प्रोत यह यात्रा हर भारतीय के हृदय में तिरंगे के सम्मान को और मजबूत करने का संदेश दे रही है।
रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। हाथ में तिरंगा आते ही मन में देश के प्रति गौरव और सम्मान की भावना पैदा होती है। उन्होंने कहा कि जब देशवासी एक साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम का उद्घोष करते हैं, तो राष्ट्रभक्ति की भावना और मजबूत होती है।
उन्होंने देश की सीमाओं पर तैनात जवानों का उल्लेख करते हुए कहा कि हजारों किलोमीटर लंबी सीमाओं पर सैनिक बेहद कठिन परिस्थितियों में देश की रक्षा कर रहे हैं। माइनस 40 डिग्री तापमान में भी जवान अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटते। उनके लिए सबसे ऊपर देश और भारत माता है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है कि वह राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को समझे।
रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इनका उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय भावना और देश के प्रति जागरूकता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। आजादी के अमृत काल में देश को गुलामी की मानसिकता से बाहर निकलने की दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है।
तिरंगा यात्रा में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, मनोज सिंह, विधायक नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, नीरा यादव, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, पूर्व विधायक जीतू चरण राम, अनंत कुमार ओझा, रांची की मेयर रोशनी खलखो, संजीव विजयवर्गीय, आरती कुजूर, सुबोध सिंह गुड्डू, केके गुप्ता, शोभा यादव, वरुण साहू, सीमा सिंह, जितेंद्र वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









