सिरसा: पांच नशा तस्कर गिरफ्तार, लाखों रुपये का चूरापोस्त बरामद
सिरसा, 16 अगस्त । पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये का 24 किलो चूरापोस्त व आधा किलो गांजा पत्ती बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पप्पू सिंह, गुरदेव सिंह, गुरविंदर सिंह, हरप्रीत सिंह व सौरभ कुमार के रूप में हुई है।
सीआईए सिरसा प्रभारी रविंद्र कुमार ने रविवार को बताया कि पुलिस टीम बस स्टैंड सिरसा के पास मौजूद थी। बस स्टैंड की पिछली साइड से दो युवक प्लास्टिक का थैला लेकर आते दिखाई दिए। जो पुलिस को देखकर दोनों वापस मुडक़र छिपने का प्रयास करने लगे। पुलिस कर्मचारियों ने दोनों युवकों को मौके पर ही काबू कर तलाशी ली तो प्लास्टिक के थैलेे से 20 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ।
सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने गांव करीवाला क्षेत्र से दो युवकों को चार किलोग्राम चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी ने बताया कि पुलिस रानियां थाना क्षेत्र के गांव करीवाला की तरफ जा रही थी। गांव करीवाला के निकट दो युवक आते दिखाई दिए जो कि पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से चार किलो चूरापोस्त बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरविंदर सिंह व हरप्रीत सिंह के रूप में हुई।
इसके अलावा पुलिस ने सिरसा शहर क्षेत्र से एक युवक 630 ग्राम गांजा पत्ती सहित गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम शहर क्षेत्र में गश्त व चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चंडीगढिय़ा मोहल्ला में एक युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने संदेह होने पर उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 630 ग्राम गांजा पत्ती बरामद हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान सौरभ के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।









