complete-ban-on-drones-and-fir

मुख्यमंत्री के नूंह दौरे को लेकर 29 अगस्त को ड्रोन व आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध

नूंह, 27 अगस्त । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 29 अगस्त, शनिवार को प्रस्तावित नूंह दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी ने गुरुवार काे आदेश जारी करते हुए 29 अगस्त को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक पूरे नूंह जिले को अस्थायी रूप से रेड जोन घोषित किया है।

उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। निर्धारित अवधि में जिले की सीमा के भीतर ड्रोन सहित सभी प्रकार के मानव रहित हवाई यान (यूएवी), माइक्रो लाइट एयरक्राफ्ट, ग्लाइडर, पावर ग्लाइडर, हॉट एयर बैलून और चाइनीज माइक्रो लाइट के संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही पतंगबाजी, आतिशबाजी और पटाखों के उपयोग पर भी रोक रहेगी। यह आदेश निजी व्यक्तियों के साथ-साथ मीडिया कर्मियों, व्यावसायिक संस्थानों, कार्यक्रम आयोजकों और गैर-सरकारी संगठनों पर भी लागू होगा। हालांकि कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं अथवा अन्य सरकारी कार्यों के लिए विधिवत लिखित अनुमति प्राप्त सरकारी एजेंसियों और अधिकृत कर्मियों को आवश्यक छूट दी जाएगी।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने स्पष्ट किया कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 233 सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा मुख्यमंत्री और आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक निगरानी एवं एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे 29 अगस्त को जारी प्रतिबंधों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या नियमों का उल्लंघन करने से बचें, ताकि मुख्यमंत्री का नूंह दौरा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।