accused-arrested-for-burning

युवक पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, राजपुर पुलिस ने दो घंटे में आरोपित को हिरासत में लिया

बलरामपुर, 30 अगस्त । बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलने के करीब दो घंटे के भीतर आरोपित को पकड़ लिया गया। मामले में घटनास्थल के पास से पेट्रोल लगी खाली बोतल और लाइटर भी बरामद किया गया है।

पुलिस के द्वारा आज रविवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, बुढ़ाबगीचा निवासी शिवकुमार काशी ने राजपुर थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, राखी त्योहार के दौरान उनके दामाद सुभाष और अन्य परिजन घर आए हुए थे। इसी दौरान आरोपित रामेश्वर उर्फ कोचा का आहत सिद्धांत के साथ विवाद हो गया और दोनों के बीच मारपीट हुई।

बताया गया कि, विवाद के बाद सिद्धांत अपने भाई को घटना की जानकारी देने के लिए चला गया था। रात करीब 8:15 बजे वह वापस लौट रहा था। इसी दौरान आरोपित ने उसे रास्ते में रोक लिया और कथित तौर पर उसके ऊपर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी। घटना में सिद्धांत के शरीर पर जलने की चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। विवेचना के दौरान घटनास्थल के पास से पेट्रोल लगी खाली बोतल और लाइटर बरामद कर जब्त किया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपित के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद रामेश्वर उर्फ कोचा पिता गुर्जससाय उर्फ गोमा घांसी (21), निवासी बुढ़ाबगीचा महुआपारा, थाना राजपुर को आज रविवार को हिरासत में लिया गया। आरोपित के खिलाफ थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 216/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।