बलरामपुर : आचरण नियम उल्लंघन पर सहायक शिक्षक निलंबित
बलरामपुर, 31 जुलाई । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेण्डारी में पदस्थ सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला सहायक) शिवा यादव को गंभीर शिकायतों की प्रथम दृष्टया पुष्टि होने पर आज शुक्रवार काे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जांच अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वाड्रफनगर के निर्देश पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी और महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी की संयुक्त टीम ने की। जांच प्रतिवेदन में सामने आया कि शिवा यादव के खिलाफ पहले भी गुड टच-बैड टच से जुड़ी शिकायत मिली थी, जिसके बाद उन्हें कक्षा 11वीं के भूगोल विषय के अध्यापन कार्य से अलग कर दिया गया था।
जांच में यह भी पाया गया कि विद्यालय परिसर में उनके द्वारा ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने से कई शिक्षिकाएं असहज महसूस करती थीं। इसके अलावा सहकर्मियों के प्रति अभद्र व्यवहार सहित अन्य शिकायतों की भी उपलब्ध अभिलेखों और पूर्व शिकायतों के आधार पर प्रथम दृष्टया पुष्टि हुई।
संयुक्त जांच समिति की अनुशंसा पर जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत शिवा यादव को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कुसमी निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।









