patiala-house-court-foreign-nationals-judicial-cus

कोर्ट ने सात विदेशी नागरिकों की न्यायिक हिरासत एक अगस्त तक बढ़ाई

नई दिल्ली, 03 जुलाई । पटियाला हाउस कोर्ट ने भारत आकर उत्तर-पूर्व के जातीय समूहों को ट्रेनिंग देने के आरोपित सात विदेशी नागरिकों की न्यायिक हिरासत एक अगस्त तक बढ़ा दिया है। एडिशनल सेशंस जज प्रशांत शर्मा ने न्यायिक हिरासत बढ़ाने का आदेश दिया।

शुक्रवार काे इन विदेशी नागरिकों की न्यायिक हिरासत खत्म हो रही थी जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। इन विदेशी नागरिकों पर आरोप है कि वे म्यांमार में अवैध तरीके से घुसे और मिजोरम के संरक्षित इलाकों में प्रवेश कर जातीय समूहों से संपर्क कायम किया। आरोपियों पर अवैध हथियारों की आपूर्ति करने, जातीय समूहों को ट्रेनिंग देने और उन्हें ड्रोन चलाने में सहयोग करने का आरोप है।

इन सात विदेशियों में छह यूक्रेनी नागरिक और एक अमेरिकी नागरिक शामिल है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के मुताबिक ये विदेशी वीजा पर भारत आए और फिर मिजोरम में प्रवेश किया, जो एक संरक्षित क्षेत्र है। इसके बाद, वे म्यांमार में दाखिल हुए और जातीय युद्ध समूहों से संपर्क साधा।

एनआईए के मुताबिक इन विदेशी नागरिकों को म्यांमार में प्रशिक्षण दिया गया था जिसके बाद वे जातीय युद्ध समूहों को प्रशिक्षित कर रहे थे। ये समूह भारत में सक्रिय विद्रोही समूहों से जुड़े हुए हैं। यह आरोप भी लगाया गया है कि वे यूरोप से ड्रोन की एक बड़ी खेप लेकर आए थे। एनआईए ने इनके खिलाफ यूएपीए की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज किया है।