panther-road-accident

चित्तौड़गढ़ में हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से पैंथर की मौत

चित्तौड़गढ़, 19 जुलाई । कोटा-चित्तौड़गढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से एक वयस्क पैंथर की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

मांडलगढ़ क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब 12 बजे पैंथर जंगल से निकलकर हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल पैंथर सड़क किनारे काफी देर तक तड़पता रहा। राहगीरों और वाहन चालकों ने वन विभाग को सूचना दी, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। सूचना पर मांडलगढ़ रेंज की वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पैंथर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना की सूचना फैलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

कोटा मुकुंदरा टाइगर रिजर्व के उप वन संरक्षक (डीएफओ) मुथू एस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पैंथर सड़क पार कर रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। वाहन की पहचान के लिए हाईवे स्थित टोल प्लाजा तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग की ओर से पैंथर का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

घटना पर वन्यजीव प्रेमियों ने दुख व्यक्त करते हुए वन्यजीव गलियारों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।