young-man-died-elect-shock

प्लांट में कार्यरत 28 वर्षीय युवक की करंट से मौत

हाथरस, 17 जून उत्तर प्रदेश हाथरस, कोतवाली क्षेत्र के अगसौली गांव स्थित एक मिक्सिंग प्लांट में बुधवार दोपहर कार्यरत 28 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों ने युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान सिकंदराराऊ क्षेत्र के सिहोरी गांव निवासी योगेश पुत्र हरेंद्र पाल सिंह के रूप में हुई है। योगेश मिक्सिंग प्लांट में कार्य करता था। बुधवार दोपहर वह टूल्लू मोटर के माध्यम से पानी निकाल रहा था, जबकि पास में जनरेटर भी चल रहा था। इसी दौरान अचानक वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया और नीचे गिर पड़ा। घटना होते ही वहां मौजूद कर्मचारियों में हड़कम्प मच गया ।सहकर्मियों ने बिना देर किए योगेश को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन अस्पताल पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि योगेश की शादी लगभग छह वर्ष पहले हुई थी और वह अपने परिवार का प्रमुख सहारा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारम्भिक तौर पर यह मामला विद्युत करंट से हुई दुर्घटना माना जा रहा है।