नकदी और आभूषणों से भरा पर्स महिला को सकुशल लौटाया
नैनीताल, 28 जून । कैंची धाम में ड्यूटी पर तैनात नैनीताल पुलिस के सीपीयू यानी सिटी पेट्रोल यूनिट के कर्मियों ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए नकदी, सोने के आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा खोया हुआ पर्स उसकी स्वामिनी वृद्धा को सकुशल लौटाकर सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीपीयू टीम के उपनिरीक्षक ईश्वर सिंह राणा और आरक्षी रोहित सिंह को कैंची धाम क्षेत्र में सड़क किनारे एक लावारिस पर्स मिला। सुरक्षा की दृष्टि से पर्स की जांच करने पर उसमें 30 हजार रुपये नकद, सोने की कान की बालियां, आधार कार्ड तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित मिले। पुलिस कर्मियों ने तत्काल आधार कार्ड के माध्यम से पर्स की स्वामिनी का पता लगाकर संपर्क किया। जानकारी में सामने आया कि पर्स ग्रेटर नोएडा उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर स्थित सी-ब्लॉक, सेक्टर एमयू निवासी वृद्धा सोनाली देवी का है, जो बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए कैंची धाम आई थीं और इसी दौरान उनका पर्स कहीं गिर गया था। पुलिस टीम ने महिला को बुलाकर उनका नकदी, आभूषण और दस्तावेजों से भरा पर्स सकुशल सुपुर्द कर दिया। अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर सोनाली देवी भावुक हो उठीं और नैनीताल पुलिस, विशेषकर संबंधित पुलिसकर्मियों की ईमानदारी, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।









