speeding-car-hits-family-walking-on-foot-in-ujjain

उज्जैन में तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे परिवार को मारी टक्कर, महिला की मौत, चार लोग घायल

उज्जैन, 03 मई । मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के उन्हेल इलाके में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे एक ही परिवार के पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार लोग घायल है। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना उज्जैन से करीब 35 किलोमीटर दूर उन्हेल क्षेत्र के नई दिल्ली चौराहा क्षेत्र की है। यहां एक परिवार के लोग एक गमी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पैदल जा रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी लोग उछलकर दूर जा गिरे। इस हादसे में 55 वर्षीय जमीला बी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तबस्सुम (40), इरशाद (6), शिफा (13) और फरहान (8) गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद सभी को उज्जैन के चरक अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें साफ दिख रहा है कि कार सीधे परिवार को टक्कर मारती है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उन्हेल थाना प्रभारी संतोष चौहान ने बताया कि आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।