अमेठी के किसान ने रचा इतिहास, केले की खेती से कर रहे लाखों की कमाई
अमेठी, 20 अप्रैल । सही मेहनत, सही योजना और प्रशासनिक मार्गदर्शन क्या बदलाव ला सकता है, इसका शानदार उदाहरण उत्त्तर प्रदेश के जनपद अमेठी के किसान प्रेम चन्द्र ने पेश किया है। पारंपरिक खेती से जूझ रहे इस किसान ने अब केले की आधुनिक खेती से अपनी तकदीर ही बदल डाली है और लाखाें रुपये कमा रहे हैं।
ग्राम सम्भई, विकास खंड जामों जनपद अमेठी के रहने वाले प्रेम चन्द्र ने एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना का लाभ उठाकर अपने खेत में 2100 केले के पौधे लगाए। करीब 13 महीने की मेहनत के बाद उन्होंने 525 कुंतल टिश्यू कल्चर केले का उत्पादन किया, जिसे बेचकर उन्होंने 5.25 लाख रुपये की कमाई की। यही नहीं, उन्होंने इंटरक्रॉपिंग के जरिए बैंगन, प्याज और हरी मिर्च की खेती भी की, जिससे अतिरिक्त 1 लाख रुपये की आय हुई। कुल मिलाकर किसान ने लगभग 4.25 लाख रुपये का शुद्ध लाभ कमाया, जो क्षेत्र के लिए एक मिसाल बन गया है।
किसान प्रेमचंद ने बताया कि जिलाधिकारी संजय चौहान और जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह के मार्गदर्शन में मिली तकनीकी सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ इस सफलता की बड़ी वजह बना। अब प्रेम चन्द्र की इस उपलब्धि से आसपास के किसान भी प्रेरित हो रहे हैं और आधुनिक खेती की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। सफलता की यह कहानी साबित करती है कि अगर किसान नई तकनीक और सरकारी योजनाओं का सही उपयोग करे, तो वह न सिर्फ आत्मनिर्भर बन सकता है बल्कि दूसरों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।









