nutrition-care-drive-balrampur

बलरामपुर : एनआरसी वार्ड का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, कुपोषित बच्चों के बेहतर उपचार और फॉलोअप के सख्त निर्देश

बलरामपुर, 21 अप्रैल । जिला अस्पताल स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) वार्ड का कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने आज मंगलवार काे औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य, उपचार व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने वार्ड में बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार, उनके वजन और ऊंचाई में हो रही प्रगति की जानकारी ली। साथ ही कम वजन वाले बच्चों के उपचार की स्थिति और स्वास्थ्य सुधार की प्रक्रिया का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एनआरसी में भर्ती बच्चों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी को बेहतर देखभाल उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने अधिकारियों को एनआरसी को और अधिक सुदृढ़ बनाने, व्यवस्थाओं में सुधार करने और कुपोषित बच्चों को शीघ्र स्वस्थ करने के लिए विशेष ध्यान देने को कहा। इसके साथ ही जिन बच्चों को एनआरसी से छुट्टी दी जाती है, उनका नियमित फॉलोअप अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार बना रहे।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह, सिविल सर्जन डॉ. शशांक गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।