नूरपुर में सीआईए टीम ने किया 20.61 ग्राम चिट्टा बरामद, एक गिरफ्तार
धर्मशाला, 16 अप्रैल । पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत सीआईए टीम ने नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 20.61 ग्राम चिट्टा बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। इस मामले में एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ पुलिस थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की गई है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि वीरवार को पुलिस टीम भदरोया व डमटाल क्षेत्र में गश्त पर थी, उसी दौरान पुलिस टीम को मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। इस दौरान एक पुलिस ने कार नंबर एचपी-18ए-5295 को रोककर जांच की गई। तलाशी लेने पर वाहन से 20.61 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ सहित वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार उर्फ शंगा, उम्र लगभग 52 वर्ष, निवासी छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध पुलिस थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 व 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।
जिला पुलिस नूरपुर ने आम जनता से अपील करता है कि नशे के विरुद्ध इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को हेल्पलाइन नम्बर 112 पर दें।









