तैलिक साहू महासभा ने मनाई दानवीर भामाशाह की जयंती
पूर्वी सिंहभूम, 23 अप्रैल । साकची स्थित एमजीएम चौक (पुराना अस्पताल) पर गुरूवार को अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के तत्वावधान में राष्ट्रभक्त और महान दानवीर भामाशाह जी की जयंती श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। उपस्थित जनों ने भामाशाह जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके अद्वितीय योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भामाशाह जी के त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति पर प्रकाश डाला। बताया गया कि हल्दीघाटी युद्ध के समय उन्होंने अपनी समस्त संपत्ति राष्ट्र रक्षा के लिए समर्पित कर इतिहास में अमिट उदाहरण स्थापित किया था। उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए उपस्थित लोगों ने समाज और राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मौके पर लोगों में लड्डू वितरण किया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में संचालन समिति के सदस्य विनोद गुप्ता, द्वारका प्रसाद, पूर्व अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद, महामंत्री मनोज गुप्ता, शशिकांत महाराज, बागबेड़ा क्षेत्रीय अध्यक्ष संतोष गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्तियों और समाज के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही, जिससे आयोजन और अधिक सशक्त और प्रेरणादायक बना।
इस अवसर पर आयोजकों ने सभी सहयोगकर्ताओं और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।









