jh-electric-shock-death-fish-

नदी में करंट लगने से युवक की मौत, मामले की जांच में जुटी पुलिस

पश्चिमी सिंहभूम, 05 मार्च । जिले के मंझारी थाना क्षेत्र में नदी में मछली पकड़ने के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान बड़ा तोरलो के टोली जोगना डीपा निवासी बोंजो कोंडाकेल (18) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार घटना बुधवार की है। बोंजो कोंडाकेल अपने चार दोस्तों चमरू बिरुवा, अरविंद बिरुवा, महावीर बिरुवा और विक्रम कोंडाकेल के साथ नदी में मछली पकड़ने गया था। बताया गया कि युवकों ने मछली पकड़ने के लिए घर से बिजली का तार खींचकर नदी तक पहुंचाया और करंट की मदद से मछली पकड़ने की कोशिश कर रहे थे।

इसी दौरान अचानक बोंजो कोंडाकेल करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही बेहोश हो गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने किसी तरह उसे पानी से बाहर निकाला और घर लेकर पहुंचे। परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद ग्रामीणों की मदद से उसे इलाज के लिए मंझारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

गुरुवार को मृतक के ममेरा भाई मुकु बिरुवा और बड़े भाई घनश्याम कोंडाकेल ने बताया कि घटना के समय नदी में कुल पांच लोग मौजूद थे। ऐसे में केवल बोंजो कोंडाकेल को ही करंट लगना और बाकी लोगों को कोई नुकसान नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है। इसको लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।

घटना की जानकारी ग्रामीण मुंडा को दी गई, इसके बाद मंझारी थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मंझारी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत केवल करंट लगने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी है। फिलहाल पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।