farmers-body-found-near-farm

अनूपपुर: खेत के पास मिला किसान का शव, हत्या की आशंका

अनूपपुर, 05 मार्च । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के थाना भालूमाडा क्षेत्र के ग्राम बगडुमरा में खेत के पास गुरुवार 45 वर्षीय किसान का शव मिला। पुलिस मौके में पहुंच कर शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौप कर जांच शुरू कर दी है।

भालूमाडा पुलिस के अनुसार, मृतक महाजन यादव अपने खेत में सब्जी की खेती करता था। गुरुवार की सुबह अपने खेत गये थे पत्नी ने बच्चों के हाथों उनके लिए खाना खेत पर भेजा। जब बच्चे वहां पहुंचे तो महाजन यादव वहां नहीं मिले। इसके बाद बच्चों ने आसपास तलाश की, तभी खेत के पास उनका शव पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी विपुल शुक्ला ने बताया कि मृतक के शरीर पर धारदार हथियार के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले में परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। वहीं घटना के बाद से मृतक के परिजन सदमे में हैं।