bikram-rajay-sabha-election-bj

राज्यसभा टिकट को लेकर कांग्रेस की अंतरकलह फ़िर जगजाहिर : बिक्रम ठाकुर

हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सीट को लेकर कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। पूर्व उद्योग मंत्री एवं भाजपा नेता बिक्रम ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्यसभा टिकट को लेकर कांग्रेस में जिस प्रकार का घटनाक्रम सामने आया है, उसने पार्टी के अंदर गहरी गुटबाजी और अंतरकलह को उजागर कर दिया है। कांग्रेस केंद्रीय आला कमान पर आनंद शर्मा ने जो बात कही है, वह कांग्रेस के कथित बड़े नेताओं की नेतृत्व क्षमता पर भी सवाल खड़े करता है।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा जैसे वरिष्ठ नेता का सार्वजनिक रूप से यह कहना कि “राजनीति में सच बोलना अपराध माना जाता है”, इस बात का स्पष्ट संकेत है कि कांग्रेस के भीतर हालात कितने खराब हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में सामंजसय की कितनी कमी है, इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि 3 घंटे तक विधायक दल की बैठक नहीं हो पाई। विधायक दल की बैठक सुबह 11 बजे बुलाई गई, लेकिन बैठक के लिए समय पर पहुंचे विधायक केवल इंतज़ार करते रहे।

उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से पार्टी में आपसी समन्वय की भारी कमी नज़र आती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लोकतंत्र और पारदर्शिता की उम्मीद करना ही बेकार है।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार और संगठन दोनों ही इस समय गंभीर अंतर्विरोधों से जूझ रहे हैं। राज्यसभा टिकट को लेकर जो स्थिति बनी है, उसने यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस में नेतृत्व पूरी तरह असमंजस और दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर कई नेता खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं और यही वजह है कि अब उनकी नाराजगी सार्वजनिक मंचों पर सामने आ रही है।