उत्तराखंड में बारिश जारी, कई जिलों में स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र आज रहेंगे बंद
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि लगातार बारिश के कारण सुरक्षा के मद्देनज़र केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। श्रद्धालुओं को फिलहाल सोनप्रयाग में रोका गया है। मौसम सामान्य होते ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी और तीर्थयात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए देहरादून, नैनीताल और चम्पावत जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आज एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट, धारचूला और मुनस्यारी विकासखंडों में भी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
राज्य आपदा प्राधिकरण के सचिव विनोद सुमन ने बताया कि राज्य के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी करने के साथ ही लाेगाें काे सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। नदियों के किनारे सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नदी किनारे जाने से लोगों को रोका जा रहा है।









