पलामू में फोर्थ ग्रेड की बहाली की प्रक्रिया स्थगित
पत्र के अनुसार मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के पत्र के जरिए सूचित किया गया है कि कैबिनेट की बैठक में राज्य अंतर्गत वर्ग चार के पदों पर नियुक्ति और भर्ती के लिए भर्ती एवं सेवाशर्त नियमावली का गठन करने तथा नियमावली अधिसूचित होने तक कार्यालय में वर्ग चार के पदों पर भर्ती प्रक्रिया को स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि सर्वाेच्च न्यायालय ने पलामू में हुए चतुर्थवर्गीय श्रेणी की नियुक्ति को रद्द कर दिया गया था। उपायुक्त को यह निर्देश भी दिया गया था कि पुनः विज्ञापन प्रकाशित कर छह माह के अंदर नियुक्ति प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाए। पलामू जिला प्रशासन ने पुनः नियुक्ति के लिए प्रकाशित विज्ञापन में अंक के आधार पर चतुर्थवर्गीय पद पर नियुक्ति किए जाने का प्रावधान किया था। वहीं अभ्यर्थियों की मांग थी कि नियुक्ति प्राप्त अंक के आधार पर न कर लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाए।
पलामू में 585 फोर्थ ग्रेड पद पर बहाली के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। जारी विज्ञापन में पांच जुलाई तक आवेदन लिया गया था। विज्ञापन को लेकर आंदोलन भी हुए थे। वहीं बर्खास्त फोर्थ ग्रेड कर्मी भी अपनी सेवा का समायोजन करने की मांग कर रहे थे। नियुक्ति के लिए करीब 35 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन दिया है।
इधर, बर्खास्त फोर्थ ग्रेड कर्मी सुप्रीम कोर्ट गए हैं।









