स्वच्छता पखवाड़ा : डीएमसी ने किया शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण
स्वच्छता पखवाड़ा : डीएमसी ने किया शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण
फतेहाबाद, 21 जून (हि.स.)। स्वच्छ भारत मिशन के तहत फतेहाबाद नगर परिषद द्वारा एक जून से 21 जून तक चलाए गए स्वच्छता पखवाड़े के अंतिम दिन नगरायुक्त संजय बिश्नोई ने शनिवार को शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ना सिर्फ सफाई व्यवस्था का जायजा लिया, बल्कि नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें स्वच्छता के महत्व को समझाया और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। नगरायुक्त ने सबसे पहले सिरसा रोड पर गुरु जंभेश्वर धर्मशाला के नजदीक चल रही सफाई व्यवस्था को देखा। तत्पश्चात उन्होंने खैराती रोड पर बने डॉग सट्रेलाइजेशन सेंटर का अवलोकन किया और जहां पर कुत्तों के बाध्यीकरण के कार्य को जांचा। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि 469 कुत्तों में से 449 का आप्रेशन कर दिया गया है और 398 कुत्तों को आप्रेशन कर वापिस छोड़ दिया गया है। इस निरीक्षण के दौरान नगरायुक्त ने नालियों की सफाई, कूड़ा उठाने की व्यवस्था, गीले और सूखे कचरे के वर्गीकरण और सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति संबंधी व्यवस्थाओं की भी गहन समीक्षा की। इसके बाद नगरायुक्त ने जगजीवन पुरा रोड पर बने पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क पहुंचे, जहां सुबह की सैर पर आए वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं आदि से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उपस्थितजनों से पार्क में साफ-सफाई की जानकारी ली। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए काह कि वे अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई में भागीदारी निभाएं। इधर-उधर कूड़े को ना फैंके। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सिर्फ एक अभियान नहीं, यह एक जीवनशैली है। अगर हम खुद अपने घर, गली और मोहल्ले को साफ रखें तो पूरा शहर साफ रहेगा। हमारी छोटी-छोटी कोशिशें मिलकर बड़े बदलाव ला सकती हैं। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के ईओ राजेन्द्र सोनी व सीएसआई सतपाल सैनी भी उनके साथ मौजूद रहे।









