चरण पादुका योजना में चप्पल जूता वितरण करने के निर्णय कमीशन खोरी के लिए – दीपक बैज

चरण पादुका योजना में चप्पल जूता वितरण करने के निर्णय कमीशन खोरी के लिए – दीपक बैज

जगदलपुर, 21 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज शनिवार काे प्रेसवार्ता काे संबाेधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के चरण पादुका योजना में चप्पल जूता वितरण करने के निर्णय कमीशन खोरी के लिए है। भाजपा सरकार अपने कुछ पूंजीपति चप्पल-जूता निर्माताओं से कमीशन लेकर तेंदूपत्ता संग्राहकों से मन-पसंद चरण पादुका खरीदने का अधिकार छीन रही है। पूर्व कांग्रेस की सरकार ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को मंद-पसंद चप्पल खरीदने के लिए योजना के माध्यम से नगद राशि सीधा उनके खाता में ट्रांसफर किया था । नगद राशि ट्रांसफर करने से तेंदूपत्ता संग्राहक अच्छी कम्पनी की जूता चप्पल स्थानीय बाजार से खरीद करते थे, उन्हें अपनी सुविधा और उपयोगिता के अनुरूप चुनने का अधिकार मिलता था।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा केंद्र की भाजपा सरकार हर योजना में नगद राशि हितग्राहियों के खाता में सीधा ट्रांसफर करने की बात करती हैं। वही राज्य की भाजपा अपने खजाना में काली कमाई का पैसा जमा कराने नगद ट्रांसफर योजना को बंद कर सामान वितरण की नीति बना रही है। भाजपा की नीति और नीयत में यही फर्क दिख रहा है। उन्हाेने कहा कि बढ़ती महंगाई के हिसाब से चरण पादुका योजना में दी जानी वाली राशि मे वृद्धि किया जाये।

खाद बीज का अभूतपूर्व संकट, डीएपी के लिये भटक रहे है किसान

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा मानसून की दस्तक शुरु हो गयी है। खरीफ की बुवाई खाद और बीज की कमी के कारण प्रभावित हो रहा, डबल इंजन की सरकार को छत्तीसगढ़ के अन्नदाता किसानों की समस्या का कोई ख्याल नहीं । प्रदेश में खाद और बीज की समुचित व्यवस्था यह सरकार नहीं कर पाई है । प्रदेश के ज्यादातर सोसाइटी में किसानों को डीएपी की कमी से जूझना पड़ रहा है, ज्यादातर स्थानों पर बोनी और थरहा के लिए बीज भी किसानों को नहीं मिल पा रहा है, जिसके चलते किसान परेशान हैं । पहले कहा गया डीएपी के बदले एनपीके दिया जायेगा, अब एनपीके की कमी हो गयी है। सरकार एक सप्ताह के भीतर सभी सोसायटी मे पर्याप्त खाद बीज उपलब्ध नहीं करवाएगी तो कांग्रेस इसको लेकर बड़ा आंदोलन चलाएगी, उन्हाेने कहा कि 25 जून से 30जून के बीच सोसायटी के सामने प्रदर्शन किया जायेगा ।

प्रतिदिन 100 टन लोहे की हो रही चोरी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा जिला प्रशासन, एनएमडीसी, पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से प्रतिदिन 100 टन लाैह अयस्क की चोरी हो रही है, जिसके चलते बस्तर जिले को करोड़ों रुपयों की राजस्व हानि हो रही है। यह सिंडीकेट तत्काल प्रभाव से रुकना चाहिए आखिर ओवर लोडिंग माल बैलाडीला से क्यों भरा जा रहा है। बैलाडीला से ओवर लोडिंग माल भरने के बाद रायकोट में जब माल खाली हो रहा है तो वहां पर खनिज विभाग के अधिकारी क्यों नहीं बोल रहे हैं ? सरकार इस पर क्यों कार्रवाई नहीं कर रही हैं?

इस दाैरान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला,नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना,ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव,राजेश राय,संतोष सेठिया,पूर्व विधायक रेखचंद जैन, चंदन कश्यप,प्रभारी महामंत्री जाहिद हुसैन,महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अजय बिसाई, ,अनुराग महतो, शादाब अहमद,एस नीला,मुन्नालाल कश्यप,लोकेश नंदा, रंगा राव, खीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे ।