समाधान होने तक विवादित स्थल पर दोनों पक्षों के जाने पर अस्थाई रोक

समाधान होने तक विवादित स्थल पर दोनों पक्षों के जाने पर अस्थाई रोक

खूंटी, 31 मई (हि.स.)। जरियागढ़़ थाना क्षेत्र के चांपी स्थित वर्षों से विवादित दिवरी पतरा को लेकर शनिवार को प्रशासन ग्रामीणो के साथ बैठक की। बैठक में एसडीएम दीपेश कुमारी ने समाधान होने तक दोनों पक्षों के वहा जाने पर अस्थाई रोक लगा दी। बैठक में दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी दावेदारी और पक्ष रखे। एक पक्ष का कहना था कि उक्त स्थल पर 2015 से पहले कभी पूजा-पाठ नहीं हुआ और हाल के वर्षों में धार्मिक गतिविधियां शुरू की गई हैं।

वहीं दूसरे पक्ष ने इसका विरोध करते हुए दावा किया कि यहां सदियों से भगवान शिव और गणेश की पूजा होती आ रही है और यह स्थान हमेशा से एक मान्य देवस्थल रहा है। ग्रामीणों ने कुछ तथाकथित साजिशकर्ताओं पर समुदायों के बीच तनाव फैलाने का आरोप भी लगाया।

बैठक की अध्यक्षता कर रहीं अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जब तक विवाद का समाधान नहीं हो जाता, तब तक किसी भी पक्ष को देवस्थल पर पूजा या अन्य गतिविधियां करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, हिंदू समुदाय की ओर से अनुरोध किया गया कि कम से कम एक व्यक्ति को प्रतिदिन भगवान शिव और गणेश की पूजा की अनुमति दी जाए।

इस पर एसडीओ ने कहा कि सरकारी कामकाज में कोई बाधा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए और देवस्थल की जमीन पर यदि कोई सरकारी विकास कार्य हो रहा है, तो उसमें किसी भी प्रकार की रुकावट नहीं डाली जा सकती।

उन्होंने बताया कि जिला परिषद फंड से इस क्षेत्र में एक सड़क निर्माण प्रस्तावित है, जिसे अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, एसडीपीओ और थाना प्रभारी की निगरानी में निष्पादित किया जाएगा।

अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, एसडीपीओ एवं थाना प्रभारी अपने निगरानी में रख करें।

मौके पर एएसपी क्रिस्तोफर केरकेट्टा, अंचल अधिकारी वंदना भारती, प्रखंड विकास पदाधिकारी स्मिता नगेशिया, मुखिया क्षत्री हेमरोम, पंचायत समिति सदस्य पौलुस होरो, जरियागढ़ के ठाकुर जयेन्द्र नाथ शाहदेव सहित काफी संख्या में महिला पुरुष उपस्थित थे।

—————