बाइक-कमांडर में टक्कर, दो की मौत
बाइक-कमांडर में टक्कर, दो की मौत
पलामू, 22 अप्रैल (हि.स.)।पलामू प्रमंडल के गढवा जिले के केतार बाजार के समीप पंडा नदी पुल पर बाइक और कमांडर जीप की आमने-सामने की टक्कर में मंगलवार को दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान केतार प्रखंड की मुकुंदपुर पंचायत के मायर ग्राम निवासी प्रेम सागर सिंह (55) और संजीव सिंह (22) वर्ष के रूप में की गई।
जानकारी के अनुसार संजीव सिंह के साथ पड़ोसी प्रेम सागर सिंह मायर ग्राम से केतार बाजार बाइक से आये हुये थें। जहां से घर लौटते वक्त पंडा नदी पुल पर सामने से आ रही कमांडर जीप से जोरदार टक्कर हो गयी, जिससे प्रेम सागर सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि संजीव सिंह को राहगीरों और केतार मुखिया प्रमोद कुमार की मदद से भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने गढ़वा रेफर कर दिया। श्री बंशीधर नगर पहुंचने के पूर्व ही संजीव सिंह की भी मौत हो गई।
वहीं धक्का लगने के बाद चालक कमांडर जीप लेकर मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरुण कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिये गढ़वा भिजवाया तथा बाइक एवं कमांडर जीप को जब्त कर थाना ले आये।
एक ही साथ, एक ही गांव के दो व्यक्तियों की सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने से लोग हतप्रभ हैं। लोगों ने बताया कि हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर में चोट लगने से दोनों की मौत हुई है। यदि दोनों हेलमेट पहने रहते तो दुर्घटना के बाद भी इतनी बड़ी क्षति नहीं होती।
संजीव सिंह अपने पीछे पत्नी और एक बच्चे को छोड़ गये हैं, जबकि प्रेम सागर सिंह अपना भरा पूरा परिवार छोड़ गये हैं।
—————









